शादी से पहले दुल्हन पर एसिड अटैक, इश्क़ में हुई महिला गिरफ्तार

गोकुलपुरी में 21 वर्षीय युवती पर हमला, जीटीबी अस्पताल में हालत गंभीर
Bureau 15 Apr 2026, 08:22 PM 1 min read
शादी से पहले दुल्हन पर एसिड अटैक, इश्क़ में हुई महिला गिरफ्तार

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में शादी से कुछ दिन पहले 21 वर्षीय युवती पर एसिड अटैक की घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने 26 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को घटना की वजह बताया जा रहा है।

 

पुलिस के अनुसार, घटना 14 अप्रैल को गोकुलपुरी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजन युवती को पहले ही अस्पताल ले जा चुके थे। घायल युवती को जीटीबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

 

जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शादी 19 अप्रैल को तय थी। आरोप है कि जिस युवक से युवती की शादी होने वाली थी, उसका आरोपी महिला के साथ संबंध था और वह इस विवाह को रोकना चाहती थी।

 

पुलिस के मुताबिक, वारदात उस समय हुई जब युवती घर में मेहंदी की रस्म की तैयारियों में जुटी हुई थी। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।

 

इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 124(1) के तहत एफआईआर दर्ज की है और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पीड़िता एक बड़े परिवार से आती है और पढ़ाई में भी आगे रही है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें