UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम में मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा। चक्रवात ‘अर्णब’ के असर के चलते 28 से 31 अक्टूबर के बीच यूपी में मौसम करवट लेगा। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के मुताबिक चक्रवात के प्रभाव से राज्य में गरज-चमक और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बेमौसम बारिश होने की संभावना है। 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वी और मध्य यूपी में भारी बारिश होने के आसार है। मौसम में बदलाव होने से अधिकतम तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट भी दर्ज होगी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय ने आम जनमानस और किसानों के लिए सतर्कता संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 28 अक्टूबर को चंदौली, वाराणसी, सोनभद्र, भदोही, मिर्जापुर, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन जनपदों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं 29 अक्टूबर को चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई इलाकों में भारी बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। यूपी के कई जनपदों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के जनपदों के अलावा बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। तेज हवाओं और बारिश के चलते तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं।
बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, वाराणसी, जौनपुर, गोरखपुर, देवरिया, लखनऊ, कानपुर नगर, उन्नाव, अयोध्या, झांसी और ललितपुर सहित कई जनपदों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। वहीं सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गयी है कि तेज हवा चलने पर पक्के मकानों में शरण लें। पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर ढांचों से दूरी बनाकर रखें। मौसम बिगड़ने पर अनावश्यक यात्रा से बचें। किसानों को फसलों और कृषि उपज की सुरक्षा को आवश्यक कदम उठाने और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें