पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच भाजपा ने राज्य में सरकार गठन की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। कोलकाता के बिस्वा बंगला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री घोषित किया।
घोषणा के दौरान अमित शाह का संबोधन भावनात्मक रहा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक राजनीतिक हिंसा, संघर्ष और दबाव का सामना किया। शाह ने दावा किया कि पार्टी के 321 कार्यकर्ताओं ने अपनी जान गंवाई, लेकिन इसके बावजूद संगठन पीछे नहीं हटा। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं बल्कि उन कार्यकर्ताओं के बलिदान और जनता के विश्वास का परिणाम है।
अमित शाह ने कहा, “इस बार बंगाल की जनता ने जो समर्थन दिया है, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है।” उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य के 23 जिलों में से 20 जिलों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। शाह ने झारग्राम, बांकुरा और दार्जिलिंग जिलों का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों की सभी सीटें भाजपा के खाते में गई हैं।
अपने संबोधन में शाह ने भवानीपुर और नंदीग्राम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी ने पहले नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया था और अब उन्होंने भाजपा को राज्य की सत्ता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
भाजपा की इस जीत को पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़े सत्ता परिवर्तन के तौर पर देखा जा रहा है। लंबे समय तक राज्य की राजनीति में सीमित उपस्थिति रखने वाली भाजपा अब पहली बार सरकार बनाने जा रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह जनादेश राज्य में बदलाव की इच्छा को दर्शाता है।
नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में तेजी से चल रही हैं। शनिवार को होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान अपनी अंतिम रैली में भाजपा की जीत का भरोसा जताया था। उत्तर 24 परगना जिले के जगद्दल में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा था कि वह इस विश्वास के साथ लौट रहे हैं कि चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह में जरूर शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता दौरे और शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ब्रिगेड परेड ग्राउंड और आसपास के इलाकों में सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक कई मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा।
Traffic Notification in connection with the visit of the Hon’ble Prime Minister of India to the city of Kolkata for attending OATH-TAKING Ceremony of newly formed West Bengal Government at Brigade Parade Ground, Kolkata on 09.05.2026. pic.twitter.com/Q6OiXb2Ei4
— Kolkata Traffic Police (@KPTrafficDept) May 8, 2026
पुलिस द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार एस्प्लेनेड रैंप, के.पी. रोड, हॉस्पिटल रोड, लवर्स लेन, कैसुअरीना एवेन्यू और क्वींसवे पर ट्रैफिक रेगुलेशन लागू रहेगा। विक्टोरिया मेमोरियल और उसके आसपास के क्षेत्रों में पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित की गई है।
इसके अलावा एलपीजी, सीएनजी, पेट्रोलियम, दवाइयों, सब्जियों, फल, मछली और दूध जैसे आवश्यक सामान ले जाने वाले वाहनों को छोड़कर अन्य मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर भी सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक रोक लगाई गई है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कई मार्गों पर ट्रैफिक अस्थायी रूप से डायवर्ट या बंद किया जा सकता है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें