नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर संसद में हुए विरोध के बाद बाराबंकी में आज राजनीतिक माहौल गरमा गया। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया के आवास का घेराव करने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की सदस्यों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं ने धरने पर बैठकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद, समाजवादी पार्टी मुर्दाबाद, राहुल गांधी मुर्दाबाद, अखिलेश यादव मुर्दाबाद, प्रियंका गांधी होश में आओ और नारी के सम्मान में भाजपा मैदान में जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन स्थल पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में हालात नियंत्रित रहे।
जानकारी के अनुसार, सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिलाएं ओबरी स्थित धरना स्थल पर एकत्रित हुई थीं। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी सांसद तनुज पुनिया के आवास की ओर बढ़ने लगे, जहां पुलिस प्रशासन ने पहले से बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।
धरने को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के खिलाफ बोलकर सांसद तनुज पुनिया ने महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि सांसद को अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाएं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को जवाब देंगी।
भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रामेश्वरी त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का महिला विरोधी रवैया पुराना रहा है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल का विरोध कर विपक्षी दलों ने नारी शक्ति का अपमान किया है।
प्रदर्शन में शामिल डॉ. रामकुमारी मौर्य ने कहा कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए अधिक सीटें आरक्षित होने से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और विकास में योगदान बढ़ सकता था, लेकिन विपक्षी दलों ने इस विधेयक का समर्थन नहीं किया।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष रामसिंह वर्मा, जिला महामंत्री विजय आनंद बाजपेई, हरगोविंद सिंह, रचना श्रीवास्तव, नीता अवस्थी, गुंजन शर्मा, उर्मिला रावत, निर्मला रावत, सरिता वर्मा, सोनिया गुप्ता, पवन सिंह रिंकू, ब्रजेश रावत, नवीन राठौर, अनीता चौहान, चिंता देवी और अशोक कुमारी समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें