Ambedkar Nagar News: जिले में जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की विभागवार समीक्षा की। डीएम ने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी समाधान किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस शासन की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाते हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें और उसके समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
डीएम ईशा प्रिया ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि समस्याओं का वास्तविक समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता के साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी बेहद महत्वपूर्ण है। समीक्षा के दौरान जिन विभागों में जनसंतुष्टि का स्तर खराब पाया गया, उन्हें अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावशीलता बनाए रखने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनसमस्याओं की अनदेखी या शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे शिकायतों की नियमित निगरानी करें और तय समय में उनका समाधान सुनिश्चित करें। समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रंजीत सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रतीक्षा सिंह, थनिगईयरसन टी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें