>बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, उत्तर प्रदेश से आने वाले नेताओं की बयानबाज़ी ने सियासी तापमान और बढ़ा दिया है। सिवान के रघुनाथपुर में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोलते हुए कहा उनके 400 दिन ही बचे हैं... अब ड्राइवर और चाभी दोनों बदलने वाले हैं।
>अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ के ओसामा बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को नाम बदलने की आदत है। उन्होंने कहा, हमारे एकरंगी मुख्यमंत्री को नाम बदलने की बीमारी है। उन्होंने प्रदेश का नाम बदला, कपड़े बदले, काम बदला, यहां तक कि पार्टी और चुनाव चिन्ह भी बदल दिए। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, अगर उनके बस में होता तो वे ओसामा का नाम भी बदलकर ‘शेर सिंह’ रख देते। बताओ, शेर सिंह कोई बुरा नाम है क्या? इस बार बिहार के शेर सबको ढेर कर देंगे।
>सीएम योगी की बुलडोजर राजनीति पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा, बुलडोजर से डराने वालों के 400 दिन बचे हैं। जब ड्राइवर और चाभी बदल जाएगी, तब देखना बुलडोजर किस दिशा में जाएगा। उन्होंने कहा कि विरासत में गद्दी मिल सकती है लेकिन बुद्धि नहीं।
>तेजस्वी यादव के वादे का समर्थन करते हुए अखिलेश ने कहा कि महागठबंधन हर परिवार से एक सदस्य को नौकरी देगा। उन्होंने तंज कसा, बीजेपी वाले पूछते हैं कि नौकरी कैसे देंगे? क्योंकि नौकरी देना कभी उनके एजेंडे में रहा ही नहीं। इनके पास सिर्फ़ नाम बदलने की राजनीति है विकास की नहीं।
>सभा के अंत में अखिलेश यादव ने लोगों से आह्वान किया बिहार में आप लोग बदलो, यूपी में हम बदल देंगे। बीजेपी के गोरखधंधे अब ज्यादा दिन नहीं चलेंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी सिर्फ़ प्रचार की राजनीति करती है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें