देशभर के व्यापारियों, उद्योगों, स्टार्टअप और स्वदेशी उत्पादों को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से 12 अगस्त से 15 अगस्त तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय व्यापार महोत्सव आयोजित किया जाएगा। चार दिवसीय इस आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। महोत्सव में कई केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों और देश-विदेश के व्यापारियों के शामिल होने की संभावना है।
महोत्सव से पहले रविवार को लखनऊ के राणा प्रताप मार्ग स्थित एक होटल में व्यापारी जागरूकता सम्मेलन एवं भारतीय व्यापार महोत्सव जागरूकता बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री और चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल मुख्य अतिथि रहे। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री (नॉर्थ ज़ोन) संजय गुप्ता ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि भारतीय व्यापार महोत्सव में 1000 से अधिक स्वदेशी कंपनियां अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगी। इसके अलावा बड़ी संख्या में महिला उद्यमी, स्टार्टअप और विभिन्न विनिर्माण इकाइयां अपने नवाचार और उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।
यह खबर भी पढ़े - लखनऊ से राष्ट्रपति को ज्ञापन, आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की उठी मांग
उन्होंने कहा कि छोटे, मध्यम और बड़े उद्योगों के साथ देशभर के व्यापारी इस आयोजन में भाग लेंगे, जिससे नए व्यावसायिक संपर्क स्थापित करने और व्यापार विस्तार के अवसर मिलेंगे।
सम्मेलन के दौरान प्रवीण खंडेलवाल ने व्यापारियों के लिए आधार कार्ड की तर्ज पर एकीकृत व्यापार कार्ड की व्यवस्था का सुझाव रखा। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, जिससे व्यापारियों को अलग-अलग प्रकार के व्यापार के लिए कई लाइसेंस लेने की आवश्यकता न पड़े और एक ही लाइसेंस के माध्यम से विभिन्न प्रकार के व्यापार किए जा सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत 400 से अधिक वस्तुओं पर कर दरों में कमी की गई है, लेकिन अभी भी कई क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता बनी हुई है।
प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि बदलते कारोबारी माहौल में व्यापार को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए तकनीक, संचार, नेटवर्किंग और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करना आवश्यक है। उनके अनुसार इन क्षेत्रों में सुधार से व्यापार की गति और बाजार तक पहुंच दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने व्यापारियों से अपने कारोबार के विस्तार के लिए दीर्घकालिक योजनाएं बनाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों के हितों और उनके व्यापारिक विकास के लिए हर स्तर पर सहयोग करता रहेगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राजधानी लखनऊ से बड़ी संख्या में व्यापारी भारतीय व्यापार महोत्सव में भाग लेने के लिए दिल्ली जाएंगे।
भारतीय व्यापार महोत्सव का उद्देश्य देशभर के व्यापारियों, निर्माताओं, स्टार्टअप और उद्यमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करने के साथ नए व्यावसायिक संपर्क स्थापित कर सकें। आयोजन में व्यापार, नवाचार, नेटवर्किंग और बाजार विस्तार से जुड़े विभिन्न अवसरों पर भी फोकस रहेगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें