UP News: उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिल कई गाड़ियां आपस में टकरा गयी। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे पर 91 किमी माइलस्टोन के पास काफिले की पांच गाड़ियां और एक एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गयीं। हादसे में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हल्की चोटें आयी हैं। वहीं सांसद राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत में पेशी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान हलियापुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 90 के पास हादसा हुआ। बताया जाता है कि पीछे से अचानक टक्कर लगने के चलते काफिले में शामिल लगभग पांच गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में भिड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता साल 2018 के मानहानि मामले से जुड़े एक केस में पेशी के लिए सुल्तानपुर जा रहे थे। यह मामला कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह को लेकर दिए गए उनके बयान से संबंधित है। आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमित शाह का नाम कथित हत्या के मामले से जोड़ते हुए टिप्पणी की थी। यह बयान सोहराबुद्दीन शेख कथित फर्जी मुठभेड़ मामले को लेकर दिया गया था। हालांकि अमित शाह को साल 2014 में मुंबई की विशेष सीबीआई कोर्ट ने इस मामले में आरोपों से मुक्त कर दिया था।
इसी बयान पर भाजपा नेता विजय मिश्रा ने 4 अगस्त 2018 को सुल्तानपुर की अदालत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने नवंबर 2023 में सांसद राहुल गांधी को तलब किया था। वह 20 फरवरी 2024 को कोर्ट के समक्ष पेश हुए थे, जहां उन्हें जमानत मिल गई थी। इसके बाद जुलाई 2024 और फरवरी 2026 में भी उन्होंने मामले में पक्ष रखा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने खुद पर लगाये गये आरोपों से इनकार किया है और शिकायत को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित करार दिया है। मुकदमे की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से गवाह और साक्ष्य भी कोर्ट में पेश किए गए। अदालत ने दोनों पक्षों की अंतिम सुनवाई पूरी होने के बाद 26 अक्टूबर को फैसले की तिथि निर्धारित की है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें