Shiva Sharma Case: राजधानी लखनऊ के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट के चैथी मंजिल से गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार लिव इन पार्टनर और मॉडल श्रद्धा दुबे के लगातार वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। वहीं सोशल मीडिया और मीडिया पर श्रद्धा दुबे का इंटरव्यू प्रसारित होने के बाद पुलिस कार्रवाई पर सवालिया निशान खड़े होने लगे है। घटना के नौ दिन बाद भी श्रद्धा दुबे के गिरफ्तारी न होने के बाद पुलिस विभाग में कई बड़े प्रशासनिक बदलाव किए गए।
जानकारी के मुताबिक 9 अक्टूबर को कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हुई थी। शिवा की मौत के मामले में लिव इन पार्टनर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के नौ दिन बीत गये लेकिन पुलिस श्रद्धा दुबे तक नहीं पहुंच सकी। पुलिस ने श्रद्धा की गिरफ्तारी के लिए घोषित की गयी इनाम की धनराशि भी बढ़ा दी। श्रद्धा पर घोषित इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया था।
इसी बीच श्रद्धा दुबे का इंटरव्यू एक समाचार एजेंसी के जरिए सामने आया। इसके बाद मामले ने हैरान कर देने वाला मोड़ आ गया। शिवा शर्मा मर्डर केस में फरार चल रही आरोपी श्रद्धा का मीडिया तक पहुंचना पुलिस कार्यशैली के लिए चिंता का विषय बन गया। हालांकि यह कोई पहली बार नहीं है जब श्रद्धा का कोई वीडिया सामने आया है। इससे पहले भी सोशल मीडिया पर श्रद्धा ने कई वीडियो जारी कर अपनी सफाई पेश की और खुद को निर्दोष बताया। उसने खुद पर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद करार दिया।
साथ ही प्रभावशाली लोगों और अधिकारियों से संबंध होने की बातों को भी सिरे से खारिज कर दिया। वहीं श्रद्धा दुबे का वीडियो के सामने आने के बाद हजरतगंज कोतवाली इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को हटा दिया गया और उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया। इसके बाद डीसीपी विक्रांत वीर को भी पद से हटाया गया। वहीं सोमवार सुबह एक और बड़ी कार्रवाई में हजरतगंज के एसीपी रजनीश वर्मा को भी नई जिम्मेदारी सौंप दी गई।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत रजनीश वर्मा को सहायक पुलिस आयुक्त अपराध बनाया गया है, जबकि कैसरबाग एसीपी अभिषेक कुमार पांडेय को हजरतगंज की जिम्मेदारी दी गई है। गौरव उपाध्याय को कैसरबाग भेजा गया है। वहीं एसीपी महानगर अंकित कुमार को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह अर्पित विजयवर्गीय को डीसीपी मध्य का कार्यभार दिया गया है। अब मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई और श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी पर सबकी नजरें टिकी हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें