Sunday, 15 November 2026 | Lucknow | 29°C

Ambedkar Nagar News: दीपावली बीतने के बाद गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें, सिलेंडर के लिए भटक रहे उपभोक्ता

Ambedkar Nagar News: दीपावली का त्योहार बीतने के बाद भी जिले में गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है।
Bureau
Bureau News Desk
14 Nov 2026
01:29 PM
1 min read
Ambedkar Nagar News: दीपावली बीतने के बाद गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें, सिलेंडर के लिए भटक रहे उपभोक्ता
सोर्स - संवाददाता रवि दुबे
हाइलाइट्स
अंबेडकरनगर में गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें
उज्ज्वला लाभार्थियों की बढ़ी परेशानी
दीपावली के बाद भी नहीं मिली राहत
मुफ्त गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों पर भीड़

Ambedkar Nagar News: दीपावली का त्योहार बीतने के बाद भी जिले में गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। लगातार पिछले कई दिनों से कटेहरी बाजार स्थित सनी गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई। मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर की उम्मीद में बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना के लाभार्थी एजेंसी पहुंचे। घंटों इंतजार के बाद भी कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने की चिंता सताती रही।

दरअसल, दीपावली के अवसर पर शासन की ओर से उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को नि:शुल्क गैस सिलेंडर देने की घोषणा की गई थी। इसके बाद से ही गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ गई है। त्योहार के दौरान सिलेंडर की मांग बढ़ने से एजेंसियों पर उपलब्ध गैस जल्दी समाप्त हो जा रही है। इसके चलते उपभोक्ताओं को लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।

ab2.jpg

कटेहरी बाजार स्थित एजेंसी पर लाइन में लगे रमेश कुमार और संतोष ने बताया कि वे लगातार दूसरे दिन गैस के लिए चक्कर लगा रहे हैं। गुरुवार को भी घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन नंबर आने से पहले ही गैस समाप्त होने की बात कह दी गई। शुक्रवार को फिर से लाइन में लगे हैं, लेकिन सिलेंडर मिलेगा या नहीं, इसे लेकर संशय बना हुआ है। वहीं राहुल और विवेक ने कहा कि जब जिम्मेदार अधिकारियों को पहले से जानकारी थी कि त्योहार के दौरान गैस सिलेंडर की मांग बढ़ेगी, तो पर्याप्त व्यवस्था पहले से करनी चाहिए थी। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कटेहरी ही नहीं, जिले के अन्य क्षेत्रों में भी गैस एजेंसियों के बाहर इसी तरह की भीड़ देखी जा रही है। इधर, जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय ने जिले में गैस की कमी होने से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं कई गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर चुके हैं। जहां भी उपभोक्ताओं को समस्या मिली, उसका निस्तारण कराया गया। सभी एजेंसी संचालकों को समय से गैस वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सुबह के समय कुछ एजेंसियों पर भीड़ जरूर होती है, लेकिन फिलहाल सभी उपभोक्ताओं को सामान्य रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

Explore Related Topics

Ambedkar Nagar News UP Gas Cylinder Shortage LPG Cylinder News

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News