UP News: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के शांति, सौहार्द और समृद्धि के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की कामना भी की। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति, जीवन-मूल्यों और आदर्शों का अमूल्य ग्रंथ है। यह ग्रंथ भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज को सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनका साहित्य भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत का प्रतीक है। उनकी रचनाएं समाज को सदाचार, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनाओं का महत्व समझाती हैं। वाल्मीकि जयंती का अवसर हमें सत्य, करुणा, मर्यादा और लोककल्याण जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और समाज में समरसता, सद्भाव तथा मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों और उनकी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रयास कर रही है। इसी क्रम में चित्रकूट जिले के लालापुर स्थित महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली के सौंदर्यीकरण और अयोध्याधाम में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की स्थापना जैसे कार्य किए गए हैं।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर रामायण पाठ सहित कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनकी रचनाओं और उनके आदर्शों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि यह पावन अवसर प्रदेशवासियों में सेवा, सदाचार और लोककल्याण की भावना को मजबूत करेगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें