UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को रामपुर जाएंगे। सपा अध्यक्ष श्री यादव ने रामपुर में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच लगभग 45 मिनट तक बातचीत होगी। अखिलेश और आजम खां के मुलाकात का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक गुरूवार को रामपुर दौरे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आजम खां के आवास पहुंचेंगे।
श्री यादव आजम खां के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के मुलाकात को लेकर यूपी के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं अभी से तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को सपा के आगामी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़कर देख रहे हैं। माना जा रहा है कि सपा अध्यक्ष श्री यादव और आजम खां की बातचीत के दौरान प्रदेश के मौजूदा सियासी हालात, चुनावी रणनीति, सीटों के समीकरण और पार्टी संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार सपा मुखिया अखिलेश यादव गुरूवार सुबह 11 बजे लखनऊ से रवाना होंगे और प्रातःकाल 11.45 बजे बरेली जनपद पहुंचेंगे। बरेली से श्री यादव हेलीकॉप्टर से दोपहर 12.20 बजे जौहर यूनिवर्सिटी के हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां से सपा अध्यक्ष सीधे जिला कारागार पहुंचेंगे। जहां वह दोपहर करीब 12.45 बजे आजम खां से मुलाकात करेंगे। जिला कारागार में आजम खां से लगभग 45 मिनट बातचीत करेंगे। इसके बाद श्री यादव आजम खां के आवास जाएंगे, जहां वह उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे।
वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की रामपुर में आजम खां से मुलाकात को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने निशाना साधा है। ओम प्रकाष राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सपा अध्यक्ष को आजम खां की याद आने लगी है। इसके साथ ही राजभर ने दावा करते हुए कहा कि अखिलेश यादव की आजम खां से मुलाकात का उद्देश्य मुस्लिम मतदाताओं को सपा से जोड़े रखना है। श्री राजभर ने आजम खां के जेल जाने के लिए भी सपा नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें